जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने चोरी के मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी महिलाएं अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुंगराबादशाहपुर कस्बा तिराहे से पायल उर्फ फूल कुमारी, पूजा देवी, मिन्ता देवी और अनीता को हिरासत में लिया। चारों की गिरफ्तारी थाना मुंगराबादशाहपुर में दर्ज मु0अ0सं0 311/26, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी के मामले में की गई।
पुलिस के मुताबिक पायल के पास से 500 रुपये और गले की पीली धातु की चेन, पूजा के पास से 530 रुपये और पीली धातु का लॉकेट, अनीता के पास से 510 रुपये और कान की एक जोड़ी सूई-धागा, जबकि मिन्ता देवी के पास से 560 रुपये, नाक की रिंग और लॉकेट बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पायल के खिलाफ वाराणसी के सारनाथ रेलवे स्टेशन और रायबरेली में, पूजा के खिलाफ बलिया जीआरपी में, मिन्ता देवी के खिलाफ गोरखपुर कैंट, रायबरेली और अयोध्या में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं। अनीता के खिलाफ मुंगराबादशाहपुर थाने में दर्ज मुकदमा ही बताया गया है।
गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक गजानन्द चौबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, कांस्टेबल शिवम गौड़ तथा महिला कांस्टेबल प्रीत और प्रियंका देवी की टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













