जौनपुर। साइबर क्राइम थाना/सेल और जिले के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार अब तक कुल 2,239 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है।
पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत अन्य जिलों से बरामद किए गए। कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी बरामद हुए। इनमें वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई में एएसपी नगर अनंत चन्द्रशेखर के निर्देशन और सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना प्रभारी देवानंद रजक, साइबर क्राइम सेल प्रभारी उदय प्रताप सिंह समेत पुलिस टीम ने भूमिका निभाई।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।













