जौनपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने कहा है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जौनपुर जनपद की नौ विधानसभा सीटों में से कम से कम तीन सीटों पर कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह बात उन्होंने मंगलवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कही।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और गठबंधन की सरकार बनेगी।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार हत्या, बलात्कार समेत विभिन्न अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी भी चरम पर है।
नदीम जावेद ने खुटहन क्षेत्र के चर्चित दूल्हा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा आरोपियों को संरक्षण दिए जाने की चर्चा है। उन्होंने मांग की कि यदि इस मामले में मंत्री की संलिप्तता पाई जाती है तो सरकार उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे।
उन्होंने बक्सा थाना क्षेत्र के कोली गांव तथा केराकत क्षेत्र में हुए सरोज हत्याकांड का भी जिक्र करते हुए अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। साथ ही अयोध्या स्थित राम मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी के मामले का शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग की। पत्रकार वार्ता के दौरान नदीम जावेद ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।










