जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर के पास मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे चीन मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन बुरी तरह कट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमाम दरवाजा निवासी अब्दुल खालिद (28) पुत्र मोहम्मद जब्बार बाइक से अपने गैराज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह विशेषरपुर के पास पहुंचे, अचानक सड़क के बीच पड़ा/उड़ता चीन मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझे से उनकी गर्दन पर गंभीर कट लग गया और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गर्दन में कई टांके लगाए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया। परिजनों के अनुसार गर्दन पर करीब चार-पांच टांके लगाए गए हैं।
घटना के बाद एक बार फिर प्रतिबंधित चीन मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बावजूद इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग उठ रही है।













