Advertisement

रात में निकले डीएम, लिया शहर का हाल; जलभराव से लेकर गोमती के जलस्तर तक की पड़ताल

जर्जर भवनों को लेकर दिए कार्रवाई के निर्देश, गंदगी पर ईओ से जताई नाराजगी; दुर्गा पूजा से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा

जौनपुर। भारी वर्षा के बीच जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. शनिवार देर रात शहर के निरीक्षण पर निकले। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर जलभराव, जल निकासी, गोमती नदी के जलस्तर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएम ने कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव और ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग समेत गोमती नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भारी बारिश को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जर्जर भवनों की स्थिति भी देखी गई। डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को चिन्हित जर्जर भवनों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी कर नियमानुसार सुरक्षित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी कराने को कहा। साथ ही ऐसे भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गंदगी पर ईओ से नाराज हुए डीएम

गोमती नदी का जलस्तर रात्रि निरीक्षण के दौरान सामान्य पाया गया। वहीं शहर के कुछ स्थानों पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने ईओ के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने दुर्गा पूजा पर्व से पहले शहर की सफाई व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी डीएम ने कड़े निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, ईओ नगर पालिका समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Amanki Shaan News