जिला शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, सफाई और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर*
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 28 जून को ईद-उल-अजहा पर्व मनाए जाने के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल एवं कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर निकायों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने और वेस्टेज का उचित निस्तारण करने, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाया जाए। सीओ और एसडीएम को भी अपने क्षेत्र में बैठक कर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर सतर्क निगरानी रखी जाए साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने त्यौहार के दौरान अग्निशमन विभाग को भी एक्टिव मोड़ पर रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के द्वारा सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। किसी भी प्रकार को समस्या होने पर तुरंत स्थानीय थाने और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












