जौनपुर। जनपद के बरसठी थाना पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से मुखबिर की सूचना पर दबोचा और न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक भार्गव, अभिषेक गौतम, अखिलेश गौतम उर्फ मंजय, अमन उर्फ रेड्डी तथा नन्द किशोर उर्फ नन्दू शामिल हैं। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी अभियुक्त थाना बरसठी में दर्ज मुकदमा संख्या 176/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक गौतम के खिलाफ पूर्व में भी चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, उपनिरीक्षक अनिल यादव, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दूबे सहित थाना बरसठी की पुलिस टीम शामिल रही।














