वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने वाराणसी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। डीजीपी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए संचालित मिशन शक्ति केंद्र बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं। इसके माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और जागरूकता से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस बल को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भर्ती किए गए 60,244 नए आरक्षियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न जनपदों में तैनात किया जा रहा है। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसके लिए आधुनिक तकनीकों और विशेष अभियानों का सहारा लिया जा रहा है।
वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए बेहतर सेवा देने का निर्देश भी दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान डीजीपी ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और पुलिस अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखे हुए है।













