Advertisement

लेखपाल परीक्षा को लेकर जौनपुर में ट्रैफिक अलर्ट, 21 मई को 13 घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री

 

जौनपुर। लेखपाल परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए जौनपुर पुलिस और यातायात विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 21 मई (बृहस्पतिवार) को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनज़र शहर में सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी।

यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा जिले के 21 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बने और अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

नो-एंट्री के दौरान गैस, पेट्रोल, डीजल और मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट प्रदान की गई है। वहीं पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास और कुत्तुपुर तिराहा से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर परीक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग दें।

Amanki Shaan News