Advertisement

जौनपुर पुलिस में प्रमोशन की खुशी, 12 मुख्य आरक्षी चालक बने एएसआई

जौनपुर। जनपद पुलिस महकमे में शनिवार का दिन गौरव और सम्मान का क्षण बन गया, जब पुलिस कार्यालय में भव्य पीपिंग सेरेमनी आयोजित कर 12 मुख्य आरक्षी चालक को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर प्रोन्नत किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी कार्यालय के श्री विवेक सिंह ने सभी प्रोन्नत पुलिसकर्मियों को एएसआई के बैज पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पीपिंग सेरेमनी के दौरान पूरे पुलिस कार्यालय का माहौल उत्साह और गर्व से भरा नजर आया। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और सेवा का प्रतिफल मिलने पर प्रोन्नत पुलिसकर्मियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। साथी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी का स्वागत किया।

विवेक सिंह ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं बल्कि नई जिम्मेदारियों का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे तथा विभाग की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

सहायक उप निरीक्षक पद पर प्रोन्नत होने वाले पुलिसकर्मियों में मु0आ0 चालक दिनेश कुमार यादव, साधु शरण सिंह, मंगला सिंह, महेन्द्र यादव, मनोज चौबे, राम प्रताप सिंह, बेबी लाल बघेल, योगेन्द्र प्रताप सिंह, विनोद कुमार द्विवेदी, रविशंकर तिवारी, आत्मा सिंह एवं सत्येन्द्र नाथ पाण्डेय शामिल रहे।
समारोह के अंत में सभी प्रोन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई दी गई तथा उनके बेहतर कार्यकाल की कामना की गई।

Amanki Shaan News