नोएडा से घर लौटते समय हुई दुर्घटना , स्वजनों में पसरा मातम
जौनपुर। खुटहन डिहिया गांव में उस समय मातम छा गया, जब गांव के एक युवक की कन्नौज जिले में हुए सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंची।
महज 22 वर्ष की उम्र में बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
उक्त गॉव निवासी भोला मिश्र (ट्रक चालक) के बड़े पुत्र शोभित मिश्रा नोएडा से एक ट्रक पर बैठ अपने गांव लौट रहे थे।
कन्नौज जिले के गुर सहायगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की भोर चालक को झपकी आ जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे खड़ी दूसरी ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शोभित मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की माता शशी मिश्रा, छोटे भाई लकी मिश्रा तथा बहनें शिम्पी व शिब्बी के रोने बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे













