Advertisement

आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

 

आपदा मित्र एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की बैठक सम्पन्न, सचेत और दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील

जौनपुर !जनपद में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी Samuel Paul N. की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) परमानंद झा सहित “आपदा मित्र” एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने भाग लिया। बैठक में प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों और जनजागरूकता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव और स्कूल-स्कूल जाकर लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करें तथा बचाव संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी, लू, आंधी, वर्षा और बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभागों और स्वयंसेवकों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करना होगा। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बैठक में प्रशिक्षित “आपदा मित्रों” और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय स्वयंसेवक प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी का काम करते हैं और राहत एवं प्राथमिक सहायता पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम होती है। बैठक के दौरान बाढ़, गर्मी और लू से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही लोगों से “सचेत ऐप” और “दामिनी ऐप” डाउनलोड करने की अपील की गई, ताकि मौसम एवं आपदा संबंधी त्वरित सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं सदस्यों ने जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

Amanki Shaan News