जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सलखापुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतकों के गांव बैजाबाद में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव से लगभग एक दर्जन युवक सई नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया तथा काफी देर तक खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवक नदी में बेहोशी की हालत में बाहर निकाले गए।
साथी युवक आनन-फानन में दोनों को बाइक से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान राजन चौहान पुत्र अनिल चौहान एवं रवि चौहान पुत्र राय चौहान निवासी बैजाबाद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में चीख-पुकार मच गई है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













