जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच में तैनात एक निरीक्षक के खिलाफ एक युवती की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, निरीक्षक की पत्नी की तहरीर पर नौकरानी और उसकी पुत्री के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी निरीक्षक हरिनाथ भारती लाइन बाजार थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहते हैं। उनके घर पर क्षेत्र की एक महिला और उसकी पुत्री घरेलू काम करती हैं। युवती ने करीब पखवाड़े भर पहले पुलिस के उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि निरीक्षक ने कई महीनों से प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर धमकी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। इसी बीच शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई हो गई। इसके बाद युवती ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
दूसरी ओर निरीक्षक की पत्नी ने भी थाने में तहरीर देकर नौकरानी और उसकी पुत्री के खिलाफ आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद है। दोनों तरफ से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
#jaunpurnews










