जौनपुर। जंघई क्षेत्र के भोगीपुर सेमरी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी टीम ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए ज्ञानपुर मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ की मौत किसी ट्रेन से गिरने के कारण हुई होगी।
जानकारी के अनुसार जंघई-प्रयागराज रेलवे मार्ग पर स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में भोगीपुर सेमरी गांव के पास ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक किनारे एक अधेड़ का शव देखा।
सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक ने ब्राउन रंग की शर्ट और काला पैंट पहन रखा था। उसकी जेब से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
सूचना पर पहुंचे जंघई चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार गुप्ता ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी मृतक की पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही है।
चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को 72 घंटे तक ज्ञानपुर मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।













