शेविंग करा रहे युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर जनपद के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सैलून के अंदर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने सैलून में घुसकर फायरिंग की। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि मेढ़ा मोड़ स्थित सैलून में आशीष मिश्रा शेविंग करा रहे थे, तभी अचानक बाइक से पहुंचे बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुराने विवाद को लेकर हमले की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।











