जौनपुर। खेतासराय ननिहाल में दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही घर और ननिहाल में कोहराम मच गया।
खेतासराय कस्बे के कासिमपुर वार्ड निवासी मोहम्मद वकार (17) पुत्र मोहम्मद आसिफ रविवार को अपने ननिहाल अरंद गांव निवासी मामा मोहम्मद तालिब उर्फ बबलू के घर आया था। दोपहर में वह ननिहाल के कुछ दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर खंड-23 में नहाने चला गया। नहाते समय अचानक वह नहर के गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव के कारण वह डूबने लगा।
वकार को डूबता देख साथियों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद उसे नहर से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे तत्काल खेतासराय स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे शाहगंज के अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर और ननिहाल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची शाहगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। परिजनों की मांग पर पंचनामा भरने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। किशोर की मौत से कासिमपुर और अरंद गांव में मातम पसरा रहा।









