Advertisement

लखनऊ में सड़क हादसे में जौनपुर निवासी ऑडियोलॉजिस्ट की मौत

 

जौनपुर। जनपद के मूल निवासी एवं उन्नाव जिला अस्पताल में तैनात ऑडियोलॉजिस्ट सुरेश कुमार पाल (40) की लखनऊ में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि सुरेश कुमार पाल लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में परिवार के साथ रहते थे और उन्नाव जिला अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह वह वृंदावन कॉलोनी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर पड़े पत्थर से उनकी स्कूटी टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें पहले लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम उनका शव उनके पैतृक गांव शिवापार के मुस्तफाबाद में पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर रात जौनपुर के रामघाट श्मशान स्थल पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक सुरेश कुमार पाल अपने पीछे पत्नी श्वेता पाल, बेटी सैली एवं बड़े भाई अखिलेश पाल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Amanki Shaan News