जौनपुर। सरपतहाँ थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अंतरजनपदीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सारी तिराहा के पास कार्रवाई की।
पुलिस ने सुल्तानपुर जनपद के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के प्राणनाथपुर बछड़िया निवासी 24 वर्षीय सुधांशु उपाध्याय पुत्र पुष्पेन्द्र उपाध्याय को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, विभिन्न कंपनियों के साबुन, हेयर ऑयल, शैंपू, एक छोटा पंखा तथा नगदी बरामद हुई।
बरामद सामान में 10 डिटॉल साबुन, 10 सर्गम प्लस कपड़ा धोने वाले साबुन, 5 स्टिकी कोकोनट हेयर ऑयल की शीशियां, 2 सरसों-आंवला केश तेल की बोतलें, 16 डाबर वाटिका हेल्थ शैंपू पाउच, 10 हिमगंगे प्लस आयुर्वेदिक तेल पाउच, एक होम ट्री कंपनी का छोटा पंखा तथा नगदी शामिल है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रमा पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुभाषचन्द्र यादव, कांस्टेबल रामप्रवेश चौहान, कांस्टेबल अनुपम गुप्ता एवं आरक्षी चालक बृजेश कुमार शामिल रहे।













