जौनपुर। जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के खानपट्टी गांव में बीती सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय विवाहिता महिला की मौत के बाद मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
दूसरी तरफ ससुराल के लोगों ने विवाहिता महिला की मौत बीमारी से होने की बात बताई है। हालांकि महिला को कौन सी बीमारी है ये बात नहीं बताई गई। दरअसल, क्षेत्र के खानपट्टी गांव निवासी धर्मेंद्र बनवासी की शादी इसी सिकरारा क्षेत्र के ककोहिया गांव निवासी प्यारे लाल बनवासी की पुत्री ममता बनवासी के साथ हुई थी। मृतक महिला के कुल तीन बच्चे बताए जा रहें हैं।
सोमवार की रात महिला की मौत होने की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के पूछताछ करने पर मृतक महिला के ससुराल वालों ने सफाई देते हुए बताया कि ममता बीमार चल रही थी। सोमवार की रात आचानक उसकी तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
वहीं मृतक महिला ममता के मायके वालों ने पुलिस को बयान देते हुए बताया कि ससुराल के लोगों ने जहर देकर हत्या की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान को सुनने के बाद मृतक महिला की लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिर्पोट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से गांव भर में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्हाल पुलिस विवाहिता महिला की मौत का कारण जानने के लिए जांच में जुटी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मौत सही कारण पता नहीं चल सका है।












