जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को प्रतिदिन कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाए। साथ ही मध्यान्ह भोजन के साथ बच्चों को मौसमी फल उपलब्ध कराने तथा ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
डीएम ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत पात्र बच्चों का अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करने, बिना बाउंड्री वॉल वाले विद्यालयों की सूची तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के प्रेरणास्रोत बनें तथा उनमें नैतिक मूल्य, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, गुड टच-बैड टच, फायर सेफ्टी, सड़क सुरक्षा और माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। साथ ही बीईओ को प्रार्थना सभा में नियमित रूप से उपस्थित रहने और पढ़ाई के समय किसी भी प्रकार की बैठक न करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य संबंधी समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को छह माह के भीतर सभी परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की नेत्र जांच कराने, कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराने, शत-प्रतिशत पोलियो टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा टीबी या कुपोषण के लक्षण मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सभी विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कराने, जर्जर भवनों में पढ़ाई पूरी तरह बंद रखने, जलभराव रोकने, आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की पहली तारीख तक देने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का भुगतान सेवानिवृत्ति के दिन ही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।












