जौनपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंदिरों से मूर्तियां और घंटे चोरी करने के मामले में पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक गिरोह के कुल पांच लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। थाना लाइनबाजार पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मूर्तियां, मंदिरों के घंटे तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है।
पुलिस टीम ने थाना लाइनबाजार, पवारा और मीरगंज क्षेत्र के मंदिरों में हो रही मूर्ति एवं घंटा चोरी की घटनाओं के संबंध में कार्रवाई करते हुए बुधवार को थाना रामपुर क्षेत्र के कुम्भापुर गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन पुत्र त्रिलोकीनाथ तिवारी, ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी पुत्र त्रिलोकीनाथ तिवारी, रोहित गुप्ता पुत्र राकेश कुमार गुप्ता निवासी जमालापुर, रामबाबू जायसवाल पुत्र स्वर्गीय जीतलाल जायसवाल निवासी रामपुर तथा रोहित गुप्ता पुत्र अवधनारायण गुप्ता निवासी गोपालापुर के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना रामपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मीरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित तीन मंदिरों के घंटे बरामद किए हैं। इसके अलावा पवारा थाना क्षेत्र से चोरी की गई पीली धातु की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की तीन मूर्तियां भी बरामद हुई हैं। थाना लाइनबाजार क्षेत्र से चोरी किए गए दो मंदिरों के घंटे भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से विभिन्न अन्य मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े कुल 21 घंटे भी मिले हैं। चोरी की वारदातों में प्रयुक्त सफेद रंग की किआ सोनेट कार, नंबर UP62DN4304, को भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक यजुवेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण यादव, उपनिरीक्षक अरविंद यादव, उपनिरीक्षक रमाकांत सिंह सहित स्वाट, एसओजी एवं थाना लाइनबाजार पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।











