सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सोमवार भोर बरगुदर पुल के समीप पुलिस बूथ के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन टूटकर अलग हो गया।
बताया गया कि हर्ष सिंह (20) पुत्र सूर्यप्रताप सिंह निवासी बरईपार, जौनपुर और श्रेया सिंह निवासी खैरा बगहां, थाना कछवां, वाराणसी दोनों मित्र हैं। सोमवार भोर दोनों कार से जौनपुर से मछलीशहर की ओर जा रहे थे। बरगुदर पुल के पास पुलिस बूथ के सामने पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिकरारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह की देखरेख में पुलिस ने दोनों घायलों को कार से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।












