जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के हाईवे पर हौज टोल प्लाजा के पास सोमवार को तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी पटरी पर पहुंच गई और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों समेत कार सवार दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया।
जलालपुर थाना क्षेत्र के मड़ैया महरुपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह अपने परिचित अमन सिंह पुत्र रमाकांत सिंह निवासी खालिसपुर त्रिलोचन के साथ बाइक से जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। सिरकोनी ब्लॉक मुख्यालय के सामने वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी पटरी पर पहुंच गई और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक सवार अभिषेक और अमन घायल हो गए। वहीं कार सवार सूरज चौहान पुत्र सत्यनारायण निवासी हनुहाडीह, मुफ्तीगंज, केराकत और राकेश को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। समाजसेवी रतन सिंह परमार ने घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया।












