जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बरसठी बाजार में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर बरसठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टेलर शौकत अली को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि किशोरी बरसठी बाजार स्थित टेलर की दुकान पर कपड़ा सिलाने गई थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और पुलिस के संज्ञान में पहुंचा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता के चलते महज कुछ घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।












