जौनपुर। शहर की सड़कों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. सोमवार देर रात खुद सड़कों पर निकले। उन्होंने जनपद मुख्यालय के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क, प्रकाश, जल निकासी और नगरीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर मिली कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सद्भावना पुल से निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद शाही किला, अटाला मस्जिद, जिला अस्पताल, जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन, शकरमंडी, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, कोतवाली क्षेत्र, सिपाह, कलेक्ट्रेट, लाइन बाजार और डाक बंगला समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सड़कों पर गड्ढों, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था समेत आमजन से जुड़ी अन्य समस्याओं को मौके पर देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों की स्थिति में आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित किया जाए और लोगों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्याओं के निस्तारण में उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जल निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जौनपुर, पीडब्ल्यूडी एवं नगर पालिका के अवर अभियंता समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











