जौनपुर। शाहगंज नगर के एराकियाना मोहल्ला स्थित एक मैरिज लॉन में सोमवार को पुलिस और महिला कल्याण विभाग की टीम ने छापेमारी कर नाबालिग किशोरी का निकाह रुकवा दिया। जांच-पड़ताल के बाद महिला कल्याण विभाग की टीम ने किशोरी को अपने संरक्षण में ले लिया। निकाह की रस्म पूरी नहीं होने पर बरात को बैरंग लौटना पड़ा। घटना नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शाहगंज नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री का निकाह प्रतापगढ़ जिले के एक गांव निवासी युवक से तय किया था। सोमवार दोपहर निकाह के लिए बरात एराकियाना मोहल्ला स्थित निर्धारित मैरिज लॉन में पहुंची थी।
इसी दौरान महिला कल्याण विभाग को सूचना मिली कि मैरिज लॉन में नाबालिग किशोरी का निकाह कराया जा रहा है। सूचना पर बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, सेंटर मैनेजर कविता वर्मा और सुपरवाइजर विकास बेनवंशी शाहगंज कोतवाली पहुंचे। इसके बाद टीम ने पुलिस के सहयोग से निकाह रुकवा दिया और किशोरी को कोतवाली ले आई।
आवश्यक लिखापढ़ी और जांच-पड़ताल के बाद महिला कल्याण विभाग की टीम ने किशोरी को अपने संरक्षण में ले लिया। कार्रवाई के चलते निकाह नहीं हो सका और बरात को वापस लौटना पड़ा।













