Advertisement

सीडीओ के निरीक्षण में मिलीं खामियां, सफाईकर्मी के निलंबन के निर्देश

 

जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने सोमवार को विकास खंड मुफ्तीगंज की ग्राम पंचायत परौवा का निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति परखी। इस दौरान विभिन्न कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने और विद्यालय में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता को कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही देरी के संबंध में संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

इसके बाद उन्होंने कंपोजिट विद्यालय परौवा का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव और शौचालय में गंदगी मिलने पर सीडीओ ने संबंधित सफाईकर्मी को निलंबित करने तथा ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

सीडीओ ने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। सरोवर परिसर में उगी घास की सफाई कराने और स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम चौपाल में छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को शौचालय, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत और राशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार, अधिशासी अभियंता जल निगम, खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज, ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News