Advertisement

बाइक के पेड़ से टकराने से एक की मौत, दो घायल

 

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के मौढ़ेला-थानागद्दी मार्ग पर भैंसा नहर पुलिया के पास रविवार रात अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रामकिशुन (50) की मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार (31) और सुकाराम (45) घायल हो गए। दोनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी में उपचार चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात तीनों बाइक से आजमगढ़ से खरगसेनपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में भैंसा नहर पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामकिशुन पुत्र स्व. लल्लू राम को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में मनोज कुमार पुत्र रामकिशुन, निवासी हमीरापुर, थाना चोलापुर, वाराणसी और सुकाराम पुत्र स्व. जैजू राम, निवासी खरगसेनपुर, थाना केराकत, जौनपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बाइक सवारों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Amanki Shaan News