जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के भानपुर गांव में खेत में पानी जाने को लेकर हुए विवाद में चार पट्टीदारों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले को लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी गांव निवासी पीड़ित इकराम का आरोप है कि मंगलवार की शाम उनके पट्टीदार इदरीश, परवेज, सेराज और एजाज ने खेत में पानी जाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने में पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले में संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश दुबे को सौंपी गई है। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष सुरेरी गंगासागर मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












