जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर खास में दिव्यांग दंपति के साथ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दंपति ने आरोप लगाया है कि उनके घर तक जाने वाले रास्ते को उनके पट्टीदारों ने अवरुद्ध कर दिया है, जिसके कारण आए दिन विवाद होता रहता है।
दिव्यांग कनक लता पाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 जुलाई को विपक्षीगणों ने उन्हें, उनके दिव्यांग पति शिवबहादुर पाल और सास को रास्ते के विवाद को लेकर मारा-पीटा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी थाने में देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उनके प्रभाव में आकर दंपति के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली।
इस मामले में प्रार्थीनी ने 14 अगस्त को जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने 16 अगस्त को विपक्षीगणों राजकुमार, अमन, ज्योति और शर्मिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 115(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।











