Advertisement

स्कूली वैन और बस के बीच जोरदार टक्कर में कई बच्चे घायल, कुछ की हालत नाजूक

 

 

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को बस और बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के समय स्कूल वैन में बच्चे सवार थे। धरमपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बस और स्कूल वैन की टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर के बाद वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। वैन में फंसे और घायल बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकालने में मदद की।

सड़क पर खून से लथपथ बच्चों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में भी अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पतालों की ओर पहुंचे। घायल बच्चों को उपलब्ध साधनों से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल बच्चों की हालत को देखते हुए परिजन उन्हें उपचार के लिए सुजानगंज, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर और प्रयागराज के विभिन्न अस्पतालों में लेकर गए। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए परिजन बड़े अस्पतालों की ओर रवाना हुए।

सूचना मिलने पर मुंगरा बादशाहपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटना के कारण मौके पर कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया। घायल बच्चों का उपचार प्राथमिकता से कराने की कवायद शुरू की गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल घायलों की संख्या और सभी बच्चों की चिकित्सकीय स्थिति के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Amanki Shaan News