Advertisement

बिना नंबर प्लेट और वैध दस्तावेजों के वाहन खरीदने से बचें. पुलिस

 

जौनपुर। पुराने वाहन खरीदते समय सावधानी बरतें और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के बाद ही सौदा करें। बिना नंबर प्लेट और वैध कागजातों के वाहन खरीदना परेशानी का कारण बन सकता है। जौनपुर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वाहन खरीदने से पहले उसके पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), नंबर प्लेट और विक्रेता की पहचान की भली-भांति जांच कर लें।

पुलिस के अनुसार, पुराने वाहन की खरीदारी के दौरान उसके पंजीकरण नंबर का दस्तावेजों से मिलान करना जरूरी है। साथ ही विक्रेता की पहचान और वाहन के स्वामित्व संबंधी विवरण की भी पुष्टि कर लें। बिना नंबर प्लेट, बिना वैध दस्तावेजों अथवा संदिग्ध स्थिति वाले वाहनों की खरीद-बिक्री से बचें। वाहन चोरी का होने या दस्तावेजों में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका होने पर सौदा न करें।

जौनपुर पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना नंबर प्लेट या आवश्यक दस्तावेजों के वाहनों की संदिग्ध तरीके से खरीद-बिक्री करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना नजदीकी थाने पर दें। पुलिस मामले की जांच कर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आमजन से सतर्कता बरतने और संदिग्ध वाहनों की जानकारी पुलिस को देकर अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की गई है।

Amanki Shaan News