जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव में बुधवार की शाम दुकान से समान लेकर सड़क पार कर रही मासूम बच्ची की पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद चालक पिकअप वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पूरा मामला इस प्रकार से है। इसी गांव निवासी नीरज गौतम की चार वर्षीय बेटी मानवी शाम को करीब 5 बजे अपने घर के पास स्थित दुकान से खाने के लिए खरीदने गई हुई थी। जब मानवी सामान लेकर सड़क पार कर रही थी कि उसी समय तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दिया। मिली जानकारी के अनुसार पिकअप टेंट का सामान लेकर जंगीपुर खुर्द जा रही थी।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन इलाज के लिए आनन फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद चालक भी परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा था। बच्ची की मौत होने के बाद वह वहां से अपनी पिकअप छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। दूसरी तरफ ग्रामीणों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को गंभीर देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों समझा बुझाकर शांत कराया। मृतक मानवी घर में सबसे छोटी थी।












