जौनपुर। साइबर ठगी के शिकार दो लोगों को केराकत थाना की साइबर पुलिस टीम ने राहत दिलाते हुए कुल 11,817 रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों पीड़ितों के बैंक खातों में ठगी की धनराशि वापस पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के कुसैला निवासी सर्वेन्द्र कुमार मौर्य के खाते से साइबर धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये वापस कराए।
वहीं, केराकत कस्बा निवासी शाहआलम मोहम्मद युसुफ के साथ भी साइबर ठगी हुई थी। उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6,817 रुपये उनके बैंक खाते में वापस कराए।
दोनों मामलों में एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने संबंधित धनराशि होल्ड कराकर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद कुल 11,817 रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध राजेश मिश्रा, कंप्यूटर ऑपरेटर कमलापति, हेड कांस्टेबल विजय यादव और महिला कांस्टेबल आयुषी यादव शामिल रहीं।












