जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के भादी गांव के पान दरीबा मोड़ पर बुधवार की रात मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच हुए पथराव में तीन लोग घायल हो गयें हैं। सभी घायलो को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पथराव करने वाले मनबढ़ मौके से हुए फरार हो गए।
बुधवार की रात क्षेत्र के सुरिस गांव निवासी 17 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह पुत्र सुनील सिंह, 27 वर्षीय अभिषेक उर्फ शुभम सिंह पुत्र राजेश सिंह और 22 वर्षीय प्रतीक सिंह पुत्र मनीष सिंह बाइक से कहीं जा रहे थे। उसरा भादी गांव के समीप पान दरीबा चौराहे पर मामूली विवाद के चलते गांव के दर्जन भर से अधिक मनबढ़ो ने लाठी डंडे व ईंट पत्थर से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह पूरे दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पीड़ित पक्ष अभिषेक सिंह पुत्र राजेश सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दस नामजद समेत सात अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं घायलों का इलाज राजकीय चिकित्सालय में कराया गया।












