Advertisement

बदलापुर सप्लाई विभाग में खुलेआम धांधली, गरीब राशन कार्ड के लिए भटकने को मजबूर

रिपोर्ट पत्रकार दिलशाद अहमद 

बदलापुर (जौनपुर)  तहसील क्षेत्र के सप्लाई विभाग में इन दिनों भारी अनियमितताओं का आरोप लग रहा है. क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विभाग में तैनात कुछ ऑपरेटरों द्वारा पैसे लेकर फर्जी राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक गरीब और पात्र परिवार कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. आरोप है कि जिन लोगों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिलना चाहिए, उनके आवेदन महीनों से लंबित पड़े हुए हैं.

वहीं अपात्र लोगों के नाम तेजी से जोड़ दिए जा रहे हैं. इससे गरीब परिवार दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बिना सुविधा शुल्क दिए न तो नया राशन कार्ड बनाया जा रहा है और न ही पुराने कार्डों में संशोधन किया जा रहा है. कई लोगों ने बताया कि वे महीनों से सप्लाई कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी व संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और ऑपरेटरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गरीबों का हक इसी तरह छीना जाता रहेगा.

Amanki Shaan News