जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान घाट मोहल्ले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक कलह और मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने कथित रूप से जहर पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
आत्महत्या से पहले युवक द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने अपनी पत्नी, साली और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक वासु सेठ उर्फ रमन (26 वर्ष) पुत्र महेश सेठ, निवासी हनुमान घाट, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व भदोही जनपद के नवघन ऊज गांव में हुई थी। दंपति के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।
वायरल वीडियो में युवक बेहद भावुक और टूटे हुए मन से अपनी पीड़ा व्यक्त करता दिखाई दे रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी, साली, साले द्वारा लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण वह यह कठोर कदम उठाने को मजबूर हुआ।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजन इस घटना से स्तब्ध हैं। क्षेत्र में भी शोक और संवेदना का माहौल है। फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान मीडिया को नहीं दिया गया ।
“पत्रकार दानिश इक़बाल”






