जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के जखनिया गांव में पूर्व प्रधान के घर के पास फायरिंग होने से हड़कंप मच गया है। इस फायरिंग में पूर्व प्रधान बाल-बाल बच गए। पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुट गई है।
इसी क्षेत्र के जखनिया गांव में शुक्रवार की भोर में करीब 4 बजे पूर्व प्रधान श्याम शंकर उर्फ पोड़ई के घर के पास घटित हुई है। इस मामले को लेकर पूर्व प्रधान श्यामशंकर ने अपने पड़ोसी अजय कुमार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उन्होेंने आगे बताया कि गोली की आवाज सुनकर वो चिल्लाते हुए अपने घर के अंदर चले गए, जिससे उनकी जान बच गई।
इस फायरिंग के मामले में पूर्व प्रधान श्यामशंकर ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पूर्व प्रधान श्यामशंकर का ये भी आरोप है कि उनके पड़ोसी अजय कुमार पुत्र ओंकारनाथ ने 18 जून को रात में करीब 9 बजे फोन पर उन्हें गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि उसी रात करीब 2:30 बजे आरोपी उनके घर के पास पहुंचा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और सीओ प्रतिमा वर्मा घटनास्थल पर पहुंच कर वहां से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के मामले को लेकर पुलिस ने पूर्व प्रधान श्यामशंकर के परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिल्हाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













