जौनपुर। मोहर्रम के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को खेतासराय क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने नगरवासियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचना दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क है और आमजन के सहयोग से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













