जौनपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को थाना लाइन बाजार पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समाधान पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने तथा शिकायतों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर थाना प्रभारी के.के. सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













