जौनपुर। जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन० की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान को देखते हुए जिले में विभागवार निर्धारित लक्ष्यों, पौधरोपण स्थलों, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की खुदाई, पौधों के उठान, जियो टैगिंग तथा संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन० ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आगामी 12 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत उत्सवपूर्ण वातावरण में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में जिला जौनपुर को कुल 60 लाख 73 हजार 400 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उन्हें आवंटित लक्ष्य के अनुरूप विभागीय कार्ययोजना तैयार करते हुए वृक्षारोपण महाअभियान को पूर्ण तैयारी, समन्वय एवं जवाबदेही के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग सहित अधिक लक्ष्य वाले विभागों को विशेष सर्तकता और गम्भीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि पौधरोपण स्थलों का पूर्व सत्यापन, गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता और उठान, सिंचाई, जियो टैगिंग तथा नियमित निगरानी की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए और इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में इस अभियान हेतु कन्ट्रोल रूम की स्थापना भी कर ली जाए।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन० ने कहा कि पौधरोपण केवल लक्ष्यपूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण, सुरक्षा, सिंचाई एवं निगरानी की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण हो सके। उन्होंने वन विभाग को नोडल विभाग के रूप में समस्त संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के उपरांत उसकी जियो टैगिंग, फोटोग्राफी एवं प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। ताकि अभियान की प्रभावी समीक्षा की जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, उप जिलाधिकारी सदर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।












