Advertisement

स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर सख्ती, 68 बसों की फिटनेस फेल

 

जौनपुर। जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्कूली वाहनों के दस्तावेज दुरुस्त होने चाहिए। जिन वाहनों के परमिट, फिटनेस या अन्य जरूरी प्रपत्र पूरे नहीं हैं, उनके विद्यालयों में नोटिस चस्पा की जाए। इसके बाद भी दस्तावेज दुरुस्त न कराने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल की समीक्षा में जनपद के 68 स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल पाई गई। जिलाधिकारी ने ऐसे वाहनों की फिटनेस तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी स्कूली वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य कराने को कहा। साथ ही विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, बच्चों को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली बसें निर्धारित गति सीमा में ही चलें और चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। बसों का रंग निर्धारित मानकों के अनुसार पीला हो तथा आगे और पीछे ‘विद्यालय बस’ और विद्यालय का नाम स्पष्ट रूप से लिखा हो। प्रत्येक बस में स्पीड लिमिट डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध होना चाहिए।

उन्होंने विद्यालय स्तर पर सुरक्षा समिति की बैठक कर उसकी कार्यवृत्ति पोर्टल पर अपलोड कराने और प्रगति रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Amanki Shaan News