Advertisement

ईद मिलादुन्नबी जुलूस को लेकर मरकजी सीरत कमेटी ने सौंपा 11 सूत्रीय मांगपत्र

पत्रकार दानिश इकबाल

जौनपुर। आगामी ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को प्रस्तावित ऐतिहासिक जुलूस एवं जलसे को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मरकजी सीरत कमेटी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। कमेटी ने प्रशासन से जुलूस के मार्गों पर सुरक्षा, बिजली, सफाई, चिकित्सा, पेयजल और यातायात समेत आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने की मांग की।

कमेटी की ओर से दिए गए मांगपत्र में कहा गया कि 26 अगस्त 2026 को पैगम्बर हजरत मोहम्मद के यौमे पैदाइश के अवसर पर जौनपुर शहर में जुलूस एवं जलसे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। ऐसे में जुलूस मार्गों पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को पहले से दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

शाही ईदगाह से अटाला तक सड़क दुरुस्त कराने की मांग

कमेटी ने शाही ईदगाह से शाही अटाला मस्जिद तक जाने वाले मार्ग की सड़कों को जुलूस से पहले गड्ढामुक्त कराने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, इसलिए मार्ग की खराब सड़कों को दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग

मांगपत्र में 27 अगस्त तक रात्रिकालीन विद्युत कटौती से शहर को मुक्त रखने की मांग की गई। वहीं 26 अगस्त को जुलूस एवं जलसे के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी गई, ताकि सजावट, प्रकाश व्यवस्था और कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर

कमेटी ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जुलूस मार्ग पर दो एंबुलेंस और दो मेडिकल कैंप स्थापित करने की मांग की। इसके अलावा आग जैसी किसी अप्रिय घटना से तत्काल निपटने के लिए अग्निशमन वाहन की तैनाती की भी मांग की गई।

पदाधिकारियों ने 26 अगस्त को जुलूस मार्ग पर चार टैंकर पेयजल उपलब्ध कराने तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर चूना छिड़काव कराने की मांग की।

मोबाइल टॉयलेट और सार्वजनिक शौचालय खोलने की मांग

मांगपत्र में दो मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने के साथ ही शहर के सभी डीलक्स शौचालयों को 26 अगस्त की रात भर निःशुल्क खुले रखने की मांग की गई। कमेटी ने नगर पालिका परिषद के मैदान में भी साफ-सफाई, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने तथा उसे रातभर आम लोगों के लिए खुले रखने की मांग की।

पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी तैनात करने की मांग

जुलूस एवं जलसे में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने को देखते हुए कमेटी ने जुलूस मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल की तैनाती की मांग की। कमेटी ने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहने से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकेगा।

इस अवसर पर मरकजी सीरत कमेटी के सदर ओबैदा शिराजी, जनरल सेक्रेटरी इम्तियाज अहमद रज्जू, हसीन बबलू सभासद, पूर्व अध्यक्ष अरशद कुरैशी, मौलाना अनवार कासमी, जफर मसूद, फिरोज अंसार खान, संरक्षक, कन्वीनर फिरोज अहमद पप्पू, खजांची मो. फराज खान, सह-खजांची फरहान शेख, ऑडिटर एवं कंट्रोल रूम इंचार्ज अबु हुजैफा खान, सह-कंट्रोल रूम इंचार्ज मो. सादिक, मैनेजर मो. आमिर और मीडिया प्रभारी रियाजुल हक मंसूरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कमेटी पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सभी व्यवस्थाओं को जुलूस से पहले पूरा कर लिया जाए, जिससे ईद मिलादुन्नबी का जुलूस एवं जलसा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Amanki Shaan News