Advertisement

सर्वेश्वरी समूह शाखा बदलापुर की ओर से दुगौली खुर्द गांव में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

 

जौनपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बदलापुर की ओर से मंगलवार को ग्राम दुगौली खुर्द में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों की टीम ने कुल 146 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में नेत्र, मधुमेह, चर्म एवं कुष्ठ रोगों की विशेष रूप से जांच की गई।

शिविर का शुभारंभ डॉ. प्रियांशु सिंह ने अघोरेश्वर महाप्रभु एवं गुरु पद संभव राम जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन करके किया। इस दौरान 32 लोगों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं, जबकि 25 लोगों की मधुमेह जांच के बाद दवाओं का वितरण किया गया। वहीं, 52 लोगों की चर्म एवं कुष्ठ रोग संबंधी जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा समोधपुर का भी सराहनीय सहयोग रहा।

इस अवसर पर बदलापुर शाखा के मंत्री दालसिंगार सिंह फौजी ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना श्री सर्वेश्वरी समूह का मुख्य उद्देश्य है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को घर के समीप ही निःशुल्क जांच, दवा एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती है। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. प्रियांशु सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित होना जरूरी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों की सेवा के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

शिविर में जिला कुष्ठ अधिकारी कार्यालय से कुष्ठ विभाग के अखिलेश चंद्र, समोधपुर शाखा के उपाध्यक्ष हृदय प्रसाद सिंह रानू, नमित कुमार उपाध्याय, अखिलेश कुमार गुप्ता एवं कन्हैया लाल गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. रूपेश सिंह, डॉ. प्रियांशु सिंह, डॉ. सलमान अंसारी, डॉ. पवन सिंह एवं डॉ. स्थाना ने मरीजों की जांच एवं उपचार में योगदान दिया।

Amanki Shaan News