जौनपुर। जिले में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के राजापुर सहावै गांव बुधवार के दिन कच्चा मकान गिरने से उसमें मौजूद मां और बेटी की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई है।
बता दें कि जिले में कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार की रात जिले में कई जगहों पर भीषण बारिश हुई। बीते मंगलवार की रात हुई इस बारिश के कारण जनपद के कई स्थानों पर जर्जर मकान गिरने की जानकारी पाई गई है। शाहगंज क्षेत्र की यह घटना बुधवार के दिन की बताई जा रही है।
राजापुर सहावै गांव निवासी मां और बेटी अपने घर कच्चे मकान में मौजूद थीं कि आचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे में दोनों मां और बेटी मलबे में दब गईं। शोरगुल सुनने के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को किसी तरह मलबे से बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









