जौनपुर। बरसठी थाने की पुलिस ने बेटी की हत्या के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इसी थाना क्षेत्र के बारीगांव कोहड़ा स्थित मुर्गी फॉर्म में बीते 17 अगस्त सोमवार के दिन एक 13 वर्षीय नाबालिग युवती प्रतिमा सिंह उर्फ शिवानी की फंदे से लटकती लाश पाई गई थी।
इस मामले में मृतका की मां संजू सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए अपने पति राजेश सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मेरे पति राजेश ने पहले बेटी की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद उसकी लाश को फंदे से लटका दिया। मृतका की मां ने अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था। मां के अनुसार घरेलू विवाद के चलते वह करीब एक साल से अपने मायके जनपद प्रयागराज में रहती थीं। करीब एक साल पहले राजेश दोनों बच्चों को अपने साथ ले आया था। पुलिस ने मां की तहरीर पर मृतका के पिता राजेश सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद मृतका का पिता फरार हो गया था। पुलिस तलाश में लगी रही। पुलिस ने बुधवार सुबह करीब 7:10 बजे सरसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से उसे गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद आरोपी को जौनपुर न्यायालय में पेश किया गया।









