जौनपुर। जिले में ग्राम प्रधान व उसके साथियों पर पति की हत्या का आरोप लगाते हुए एक महिला अपने तीन बच्चों व ग्रामिणों के साथ कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठी है। महिला ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।
शाहगंज क्षेत्र के मजडीहा गांव निवासी गुलावती देवी ने बताया कि उनके पति चंदन राजभर दिहाड़ी मजदूर थे। गुलावती स्वयं ग्राम प्रधान मो. साजिद उर्फ चुन्नू के मुर्गी फार्म की देखरेख करती थीं। गुलावती ने आरोप लगाते हुए बताई कि बीते 16 जुलाई की रात करीब 9 बजे ग्राम प्रधान ने उन्हें तीन दिनों तक जबरन अपने पास रोक लिया था।
जब उनके पति चंदन राजभर को इसकी जानकारी हुई, तो वे ग्राम प्रधान के घर पूछताछ करने गए। वहां ग्राम प्रधान साजिद उर्फ चुन्नू, मन्नान पुत्र सुलेमान, सहजाद पुत्र इसरार और उनके साथियों ने मिलकर चंदन राजभर को बुरी तरह पीट दिया। दबंगों की पिटाई से चंदन गंभीर रूप से घायल हो गयें।
चंदन किसी तरह अपने घर पहुंचे, लेकिन उनका तत्काल इलाज नहीं हो सका और वे घर में अकेले तड़पते रहे। जब गुलावती को इस बारे में पता चला, तो वह अपने पति को शाहगंज अस्पताल ले गईं। चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां भर्ती होने के एक दिन बाद चंदन राजभर की मौत हो गई।
महिला का आरोप है कि इस घटना को लेकर थाना शाहगंज में घटना की सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने पर मृतक की पत्नी बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने तीन बच्चों और ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गई है।
महिला का यह भी आरोप है कि ग्राम प्रधान ने पुलिस की मिलीभगत से उनके पति का मनमाने तरीके से पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने उनकी एफआईआर भी दर्ज नहीं की है और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की है। पीड़ित महिला ने हत्या में शामिल ग्राम प्रधान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्यवाही और पति का री-पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। महिला ने साथ ही 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की भी मांग की है।












