जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक किशोरी ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर नदी में किशोरी की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
परिजनों के मुताबिक किशोरी की पहचान शकरमंडी निवासी राकेश मौर्य की बेटी परी मौर्य के रूप में हुई है।
बताया गया कि परी किसी लड़के से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी जब परिवार को हुई तो उसकी मां सरिता मौर्य ने उसे उस लड़के से बातचीत करने से मना किया था। मां ने कथित तौर पर परी को समझाया था कि 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद उसकी शादी कर दी जाएगी।
गुरुवार दोपहर परी घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका जीजा शाहगंज से काम करके घर लौटा और उसने परी से उसकी तबीयत के बारे में पूछा। परी ने खुद को ठीक बताया। इसके बाद जीजा वहां से चला गया।
परिवार के मुताबिक, घर के पास मौजूद एक लड़की ने बताया कि परी की किसी लड़के से बहस हुई थी। इसके बाद वह घर से निकल गई। कुछ समय बाद परिजनों को जानकारी मिली कि परी शाही पुल की तरफ गई है।
करीब दो घंटे बाद परिवार को जानकारी मिली कि परी ने गोमती नदी में छलांग लगा दी है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोमती नदी में किशोरी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई, लेकिन देर शाम तक किशोरी का पता नहीं चल सका।
परिवार का कहना है कि इस समय उनकी एक ही मांग है कि नदी में तलाश तेज कर परी का जल्द से जल्द पता लगाया जाए।












