Advertisement

लूट के मामले में मुख्य आरोपी अधिवक्ता कार समेत गिरफ्तार

 

जौनपुर। जिले में बक्शा पुलिस और स्वाट टीम ने लूट के मामले में मुख्य आरोपी अधिवक्ता को कार समेत गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी की पहचान अभिनव सिंह उर्फ चंदन के रूप में हुई है जिस पर 41 लाख रुपये लूटने का आरोप है। इस घटना में शामिल दूसरा आरोपी उपदेश पाठक फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार बीते 5 सितंबर की रात पीड़ित जयपाल शर्मा अपने परिचित की जमानत के लिए 41 लाख नकद लेकर जा रहे थें कि उसी दौरान अभिनव सिंह और उसके साथी उपदेश पाठक ने कथित रूप से योजना बनाकर पीड़ित को कार में बैठाया और बक्शा-बदलापुर मार्ग पर टोल प्लाजा के पास डराने-धमकाने के बाद रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

पुलिस का कहना है कि 20 सितंबर की सुबह श्री नारायण सिंह इंटर कॉलेज, सरायहरखू के सामने बस स्टैंड के पास कार्रवाई के दौरान अभिनव सिंह को वैगनआर कार समेत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान चालक सीट के पीछे रखे बैग से 500 के नोटों की 68 गड्डियां और 200 के नोटों की पांच गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत 35 लाख बताई गई।

पुलिस के मुताबिक बैग से पीड़ित के दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति भी मिली है। वाहन के वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। इस मामले में थाना बक्शा में मु0अ0सं0 477/2026 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद/वांछित सह-अभियुक्त उपदेश पाठक, निवासी सुलतानपुर, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और लूट की शेष 6 लाख की रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Amanki Shaan News